मंडी। अपनी जन आर्शीवाद यात्रा के तहत मंडी पहुंचे केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को मंडी सर्किट हाउस से नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित फिट इंडिया रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी उपस्थित रहे। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव का जश्न मनाने के लिए केन्द्र सरकार ने देश भर में फिट इंडिया फ्रीडम रन की शुरुआत की है। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें देश के प्रत्येक जिले के 75 गांव हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि जब हम अपनी आजादी के 75वें से 100वें वर्ष की ओर बढ़ते हैं तो यह हम सभी पर निर्भर करता है कि हम उन 25 वर्षों में देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं। यह तभी संभव है जब हम फिट रहें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दो अक्टूबर तक प्रत्येक जिले और प्रत्येक गांव के लोग इस आंदोलन में भाग लेंगे। पिछली बार पांच करोड़ लोग हमसे जुड़े थे और इस बार 7.5 करोड़ लोग सीधे हमसे जुड़ेंगे। मुझे उम्मीद है कि जैसे-जैसे अभियान आगे बढ़ेगा यह संख्या बढ़ती जाएगी।
इस अवसर पर केन्द्रिय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाला प्रत्येक खिलाड़ी अपने-अपने क्षेत्र में 75-75 स्कूलों में जाएगा और बच्चों को न केवल खेलों के लिए प्रोत्साहित करेगा बल्कि उनका उचित भोजन के बारे में भी मार्गदर्शन करेगा। ये वायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने गए खिलाड़ियों से लिया है। यह खिलाडी हिमाचल भी आयेंगे। उन्होंने कहा कि खेल संघ ही तय करें कि उनका मुखिया कौन होगा। इसके लिये यह जरूरी नहीं कि सिर्फ खिलाड़ी ही खेल संघ का मुखिया बने क्योंकि एक अच्छा कोच जरूरी नहीं कि अच्छा खिलाड़ी भी हो। इसी तरह खेल संघ को खिलाड़ी ही अच्छी तरह से चलाए ये भी जरूरी नहीं है। बाद में मंडी के पुराने भाजपा कार्यकर्ता रामेश्वर उर्फ क्लोडू के घर उनसे मिलने अनुराग ठाकुर पहुंचे तो महौल भावुक हो गया। अपने तेना को अपने आंगन में देखकर उन्होंने अनुराग ठाकुर को पगडी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक राकेश जम्वाल, इंदर सिंह गांधी, विनोद कुमार, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, ज़िला अध्यक्ष रणवीर सिंह भी उपस्थित रहे।














