नई दिल्ली। भारत ने व्रोक्लॉ (पोलैंड) में 9 से 15 अगस्त तक हुई युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में अभी तक सबसे ज्यादा 15 पदक जीते हैं। 15 पदकों (8 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक) के साथ यह युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में अभी तक भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। पदक जीतने वाले पांच युवा तीरंदाजों को वरिष्ठ खिलाड़ियों की टीम के सदस्य के रूप में भी चुना गया है, जो सितंबर, 2021 में होने वाली यूएसए- विश्व चैम्पियनशिप में भाग लेने जा रही है। कोमलिका बारी, दीपिका कुमारी के बाद कैडेट और जूनियर रिकर्व महिला विश्व चैम्पियनशिप खिताब दोनों जीतने वाली दूसरी भारतीय बनीं। 15 अगस्त को भारत ने अपना स्वतंत्रता दिवस मनाया और व्रोक्लॉ (पोलैंड) में 9 से 15 अगस्त, 2021 तक हुई युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप के समापन दिवस पर जूनियर और कैडेट तीरंदाजों ने अपनी शानदार उपलब्धियों के साथ लाखों लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। युवाओं के सबसे बड़े आयोजन में जूनियर और कैडेट टीम का अभियान 15 पदकों (8 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक) की जीत के साथ समाप्त हुआ, जो युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कुल 520 तीरंदाजों की उपस्थिति में कम्पाउंड तीरंदाजों ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए, वहीं रिकर्व तीरंदाजों ने 5 स्वर्ण और 3 कांस्य जीते। व्रोक्लॉ से पहले, भारतीय तीरंदाजों ने युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप/ जूनियर विश्व (पुराना नाम) में कुल 26 पदक (6 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य) हासिल किए थे और व्रोक्लॉ में दुनिया के 500 से ज्यादा तीरंदाजों की उपस्थिति में 15 पदकों की जीत हमारे तीरंदाजों की सफलता की कहानी कहती है। यह प्रतिस्पर्धा इसलिए भी अहम थी, क्योंकि 24 तीरंदाजों में से 14 तीरंदाज पहली बार किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में खेलने गए थे। इतना ही नहीं, पदक जीतने वाले पांच युवा तीरंदाजों को वरिष्ठ खिलाड़ियों की टीम के लिए चुना गया है जो सितंबर, 2021 में होने वाली यूएसए- विश्व चैम्पियनशिप में भाग लेने जा रही है। एथलीट्स ने कई विश्व रिकॉर्ड भी बनाए। भारतीय कम्पाउंड कैडेट लड़कियों- प्रिया गुर्जर, परणीत कौर और रिद्धु वर्षिनी सेंथी कुमार ने 2160 अंकों में 2067 अंक हासिल करके कैडेट कम्पाउंड टीम विश्व रिकॉर्ड बनाया। पिछला विश्व रिकॉर्ड 2045 अंकों के साथ अमेरिका के नाम था। कम्पाउंड कैडेट मिश्रित युगल- प्रिया गुर्जर और कुशल दलाल ने 1440 संभावित अंकों में 1401 अंक हासिल करके नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। पिछला रिकॉर्ड 1387 अंकों का था।