नई दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी एवं पर्वतीय इलाकों में लू का असर कम हो गया है। आगामी 5 दिन लू चलने की संभावना नहीं है। बिहार में बारिश की वजह स मौसम खुशनूमा बना हुआ है, वहीं पूर्वी यूपी में भी समय-समय पर बादल बरस रहे हैं। दिल्ली में बीते दो दिनों से हल्की बारिश देखने को मिली। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि आगामी पांच दिन तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी ने 1-2 जुलाई को लू चलने का अलर्ट जारी किया था। आईएमडी के अनुसार, जैसी संभावना जताई गई थी, उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानों से लू का असर कम हो गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के आसपास के हिस्सों में शुक्रवार को व्यापक रूप से बारिश हुई, जिससे लू की स्थिति से राहत मिली। अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ आर्द्रता में बढ़ोतरी होने के कारण अगले 5 दिनों के दौरान मौसम असुविधाजनक बना रहेगा। पिछले दो दिन में दिल्ली समेत कई जगहों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार चला गया था। दिल्ली में शनिवार को दूसरे दिन शाम को हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी। दिल्ली में शनिवार को लगातार दूसरे दिन शाम को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे मौसम काफी खुशनुमा हो गया। रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से लोगों को चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा था और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। झारखंड में एक बार फिर मानसून के मजबूत होने की स्थिति बन रही है। ऐसा राज्य में निचले स्तर पर दक्षिण-पश्चिम दिशा से नमी वाली हवा के बहाव की वजह से हुआ है। यूपी-बिहार से होकर नागालैंड तक बने ईस्ट-वेस्ट टर्फ लाइन से वायुमंडल में नमी बढ़ने लगी है। इस वजह से आने वाले छह जुलाई के बाद से राज्य के सभी इलाके में एक बार फिर से अच्छी बारिश होगी। बारिश का यह क्रम आने वाले समय में और तेज होगा और बड़े क्षेत्रफल में फैलेगा। इससे हर जगह एक समान बारिश होगी। झारखंड में पिछले 24 घंटे के अंदर कई इलाके में अच्छी बारिश हुई।