मदरलैंड संवाददाता, कटिहार
कटिहार के मैथिल टोला निवासी व्यवसायी मनीष कुमार झा हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त मनोज यादव को नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब हो कि दो माह पूर्व कटिहार के व्यवसाई मनीष झा ने पत्नी मोना और बच्चे के साथ आत्महत्या कर ली थी। 25 फरवरी को तीनों का शव पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटिहार मेडिकल कॉलेज के पास एक मकान से बरामद किया था। जानकारी के मुताबिक मनीष कुमार झा सूदखोरों से परेशान था। आपको बताते चलें कि मनीष झा को बिजनेस में किस्मत ने साथ नहीं दिया तो कर्ज के दलदल में फंस गए थे। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी जैसे तैसे वह कर्ज को कम कर खत्म करने की कोशिश कर रहा था। मनीष पर बैंक का लाखों रुपये का कर्ज था। मनीष पहले मोबाइल कारोबार से जुड़ा हुआ था। बाद में होटल व्यवसाय से जुड़ गया। इस दौरान वह कर्ज में डूबता चला गया। कर्ज की राशि और ब्याज नहीं देने पर कई बार मानसिक प्रताड़ना का भी शिकार होना पड़ा था। मामले में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया की मनीष झा मेडिकल कॉलेज के पास प्रमोद यादव के मकान में रह रहा था। वहां से एक पत्र प्राप्त हुआ था। उस पत्र के मुताबिक मनोज यादव एवं अन्य तीन के द्वारा कर्ज वापसी को लेकर मनीष झा एवं उनकी पत्नी के ऊपर दवाब बनाया जाता था। मनोज यादव ने हाई रेट पर कर्ज दिया था। इसी पत्र के आधार पर मुफ्फसिल थाना में कांड दर्ज किया गया था। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष निर्मल यादवेन्दु ने मुख्य अभियुक्त मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आगे उन्होंने बताया कि अन्य तीन की भी गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जायगी अन्यथा उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायगी।