बॉलीवुड की गायिका कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उनकी मां और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा संसद भवन में उनके पास बैठे तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने खुद को पृथक कर लिया है। कनिका बालीवुड की पहली सेलिब्रेटी हैं जो कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी हैं।

उनका कहना है कि उन्होंने खुद को और अपने परिवार को सभी से पृथक रखा है और डॉक्टरों से इलाज करा रही हैं। इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान के अनुसार, 41 वर्षीय ‘बेबी डॉल’ गायिका ने कहा कि उनमें पिछले चार दिन में सामान्य फ्लू जैसे लक्षण दिखने लगे हैं। दुष्यंत कपूर उनकी एक पार्टी में शामिल हुए थे। जिसके बाद संसद सत्र में शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार ओ’ब्रायन संसद में उनके साथ वाली कुर्सी पर बैठे थे। इस संबंध में जानकारी बाहर आने के बाद सांसद ने खुद को पृथक कर लिया है। इससे पहले सिंह के कपूर की पार्टी में जाने की सूचना मिलने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने ट्वीट किया था, ‘‘

सरकार हम सब को खतरे में डाल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि खुद को अलग थलग रखें लेकिन संसद चल रही है। मैं अगले दिन करीब ढाई घंटे दुष्यंत के बाजू में बैठा रहा था। दो और सांसद हैं जो पृथक रह रहे हैं। सत्र को स्थगित किया जाना चाहिए।’’ वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया है, ‘‘कुछ दिन पहले दुष्यंत और उनके ससुराल वालों के साथ मैं लखनऊ में एक डिनर पर गयी थी। कनिका कपूर, जो कि कोविड-19 संक्रमित पाई गई हैं, वें भी उस डिनर में बतौर अतिथि मौजूद थीं।’’ उन्होंने लिखा है, ‘‘सावधानी के तौर पर मैं और दुष्यंत सेल्फ़-आइसोलेशन (स्व पृथक) में हैं और हम सभी आवश्यक निर्देशों का पालन कर रहे हैं।’’ वहीं गायिका कनिका कपूर का कहना है कि वह स्वयं को पूरी तरह से पृथक रख रही हैं और अपना इलाज करा रही हैं। आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि कनिका लखनऊ में पॉजिटिव पाए गए कोविड-19 संक्रमण के चार ताजा मामलों में से एक हैं। कनिका के पिता राजीव कपूर ने लखनऊ में कहा, ‘‘कनिका इस वक्त संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में पृथक वार्ड में हैं। डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं।” उन्होंने बताया, ‘‘कनिका मुंबई में एक दिन गुजारने के बाद गत 11 मार्च को लखनऊ आई थी। उस वक्त वह बिल्कुल ठीक थी। उसे पिछले दो दिन में बुखार और खांसी की शिकायत हुई। हमने एहतियात के तौर पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। आज सुबह हमें मालूम हुआ कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।’’

उन्होंने पूछने पर बताया कि कनिका ने गत 13, 14 और 15 मार्च को होली से जुड़ी दो-तीन पार्टियों में शिरकत की थी। वे छोटे आयोजन थे और कुल मिलाकर कर इनमें 250 से 300 लोगों ने शिरकत की थी। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि कनिका ने जिन पार्टियों में हिस्सा लिया था उनमें अनेक राजनेता और अधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश सरकार के कुछ मंत्री भी हैं। गौरतलब है कि राजीव तथा चार अन्य लोगों ने खुद को अपने घर में पृथक रखा हुआ है। आज शाम उनकी जांच की जाएगी। इस सवाल पर कि क्या कनिका ने हवाईअड्डे पर कर्मियों को चकमा देकर शहर में प्रवेश किया, राजीव ने कहा कि यह सच नहीं है। उधर, मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के अधिकारियों का कहना है कि कनिका 10 मार्च को एयर इंडिया के विमान से लंदन से मुंबई आई थीं। लंदन से लखनऊ की कोई सीधी उड़ान नहीं है। ऐसी उम्मीद है कि भारत सरकार के आदेशों के मुताबिक मुंबई में कनिका की जांच हुई होगी। निर्देशों के मुताबिक सिर्फ अंतरराष्ट्रीय विमानों से आने वाले यात्रियों की ही स्क्रीनिंग की जा रही है। कपूर ने इंस्टाग्राम पर बताया कि 10 दिन पहले हवाईअड्ड पर मेरा सामान्य प्रक्रिया के तहत परीक्षण हुआ था। फ्लू के लक्षण पिछले चार दिन में नजर आए हैं।

Previous articleकृति सेनन ने कजरारे पर किया क्लासिकल डांस
Next article22 मार्च 2020

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here