भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कल से फिर बादल छाएंगे और कई क्षेत्रों में हल्की-फुल्की बरसात भी होगी। ऐसा उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक की वजह से संभव होगा। शुक्रवार से प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कुछ स्थानों पर बादल छाने लगेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश भी होगी। शनिवार को कई स्थानों पर बरसात होगी। सोमवार से एक बार फिर मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद वातावरण में ठंड बढ़ने के आसार हैं। शनिवार को भी निमाड़, मालवा क्षेत्र के अलावा भोपाल, होशंगाबाद और जबलपुर संभाग के जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है। रविवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। बादल छंटने से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी। साथ ही हवा का रुख उत्तरी होने से सर्द हवाओं के कारण ठंड का दौर शुरू हो जाएगा। गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी की शुरुआत से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। इस वजह से बादल छाने के साथ बारिश भी हुई, लेकिन बादल बने रहने के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहे। इससे जनवरी माह में अभी तक अपेक्षाकृत ठंड नहीं पड़ी है।वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचेगा। इसके असर से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ कहीं-कहीं बारिश भी होगी। इस सिस्टम के असर से और हवाओं का रुख दक्षिणी बना रहने से वातावरण में एक बार फिर से नमी बढ़ने लगेगी। इससे शुक्रवार से फिर बादल छाने लगेंगे और होशंगाबाद, जबलपुर, भोपाल, संभाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।














