मैनपुरी के जवाहर लाल नेहरू नवोदय विद्यालय के छात्रावास में सुभाष पांडेय की बेटी का शव मिलने का मामला काफी तूल पकड़ रहा है। 19 सितंबर को छात्रा का शव मिलने के बाद से पिता सुभाष पाण्डेय ने हर दर पर गुहार लगाई है। अब इस मामले कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।
न्याय दिलाने की खातिर सीएम योगी को लिखा पत्र
जानकारी के अनुसार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मैनपुरी के पीड़ित सुभाष पांडेय को न्याय दिलाने की खातिर सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। करीब दो महीना पुराने इस मामले पर कांग्रेस गंभीर हो गई है। प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर 16 सितम्बर को मैनपुरी में सुभाष पांडेय की बेटी की नवोदय विद्यालय के छात्रावास हुई हत्या के बारे में याद दिलाया है। प्रियंका गांधी ने लैटर में लिखा है कि सुभाष पाण्डेय की बेटी नवोदय विद्यालय में पढ़ती थी। प्रियंका गांधी का आरोप है कि छात्रा की हत्या के बाद प्रशासन ने छात्रा के परिवार वालों की गैरमौजूदगी में उसके शव को पानी में बहा दिया। इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कराने के बाद भी अब तक कोई जांच कराई गई है।
छात्रा के मामले में जताया असंतोष
वहीं प्रियंका ने लिखा की इतना ही नहीं इस बड़े मामले में किसी के खिलाफ कोई एक्शन भी नहीं लिया गया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि घर वालों को जानने का पूरा हक है कि उनकी बेटी के साथ क्या हुआ। वह लोग जानना चाहते है कि इस कुकृत्य में कौन-कौन लोग शामिल थे। क्या प्रशासन किसी को बचाने की कोशिश कर रहा है। छात्रा के मामले में असंतोष जताते हुए कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का अनुरोध किया है।