मदरलैंड संवाददाता,
अररिया। फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के परवाहा पंचायत वार्ड संख्या04 मध्य विद्यालय घीवहा में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे प्रवासी मजदूरों ने चेकअप न होने, कोई सुविधा न रहने व खराब भोजन देने के आरोप में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित मजदूरों ने पीपुल्स पावर के प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रभात यादव के नेतृत्व में करीब पौने घंटे तक जमकर जिला प्रशासन व अंचल पदाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। मजदूरों का आरोप है कि उनलोगों को कोई देखने वाला नहीं है शौचालय गंदा व भरा हुआ है वे लोग मजबूर हैं। जानकारी के मुताबिक प्रखंड के घीवहा स्कूल में क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। मध्य विद्यालय में बने क्वारंटाइन सेंटर में करीब 50 से अधिक की संख्या में प्रवासी मजदूर रह रहे हैं। इनमें से 10 से 15 मजदूर रविवार की रात ही आए थे। इनलोगों को रात में भोजन नहीं दिया गया। वहीं सोमवार को दोपहर 3 बजे भोजन दिया गया। मौके पर मौजूद पीपुल्स पावर के प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रभात यादव, जिला महामंत्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि बिहार सरकार का सबकुछ हवा हवाई चल रहा है, फारबिसगंज अंचल अधिकारी को फोन करने पर भी समस्या का समाधान नहीं होता है उन्होंने कहा कि मजदूरों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है जो पीपुल्स पावर कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।