दुबई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कोरोना महामारी के इस दौर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सफलता के लिये खिलाड़ियों को धन्यवाद देने के साथ ही माना की जैव सुरक्षित माहौल (बायो बबल) में रहना मानसिक रूप से आसान नहीं था। गांगुली ने ट्वीट किया ,‘‘ बीसीसीआई और तमाम पदाधिकारियों के साथ मैं निजी तौर पर आईपीएल टीम के सभी खिलाड़ियों को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने बायो बबल में रहकर इस टूर्नामेंट को सफल बनाया है जो आसान नहीं है। यह मानसिक रूप से कठिन था और खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता ने ही भारतीय क्रिकेट को यहां तक पहुंचाया है।’’ कोरोना वायरस महामारी के कारण ही आईपीएल अप्रैल मई की जगह अक्टूबर नवंबर में यूएई में खेला गया। वहीं बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरूण धूमल ने कहा ,‘‘ गांगुली और जय शाह के मार्गदर्शन में आईपीएल के सफल आयोजन के लिसे बधाई। इस तरह के चुनौतीपूर्ण समय में सबसे सफल आईपीएल का आयोजन हुआ। सभी क्रिकेटप्रेमियों को धन्यवाद। हमें आपकी कमी खली। उम्मीद है कि 2021 में आपको मैदान में देखेंगे।’’














