बेंगलुरु। दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन के बीच राजधानी पुलिस की साइबर शाखा ने कर्नाटक के बेंगलुरु से 21 वर्षीय कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया। दिशा रवि को ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कार्यकर्ता दिशा रवि फ्राइडे फॉर फ्यूचर कैंपेन की फाउंडर्स में से एक हैं। 4 फरवरी 2021 को दिल्ली पुलिस ने टूलकिट को लेकर केस दर्ज किया था।
इसके बाद दिल्ली पुलिस साइबर सेल ने टूल किट मामले के आरिपियों की तलाश शुरू की। इसी कड़ी में शनिवार को दिशा रवि को अरेस्ट किया गया। भारत में किसानों के प्रदर्शन के समर्थन में पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने ट्वीट किया था। ग्रेटा ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘हम भारत में किसानों के आंदोलन के प्रति एकजुट हैं।’ इसके साथ ही उन्होंने दूसरे ट्वीट में एक डॉक्यूमेंट शेयर किया, जिसमें भारत सरकार पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने की कार्ययोजना साझा की गई थी और पांच चरणों में दबाव बनाने की बात कही गई। हालांकि बाद में ग्रेटा थनबर्ग ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था।
ग्रेटा थनबर्ग ने पुराना ट्वीट डिलीट करने के बाद एक नए ट्वीट में अपडेटेड टूलकिट को शेयर किया था। नए टूलकिट में कई बदलाव किए गए। इसमें 26 जनवरी को भारत समेत विदेशों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन के प्लान को हटा दिया गया था।
बता दें कि ग्रेटा थनबर्ग ने अपने नए ट्वीट में लिखा, ‘अगर आप मदद करना चाहते हैं तो यह अपडेटेड टूलकिट है। हमने अपना पिछला डॉक्यूमेंट हटा दिया क्योंकि वह पुराना था।’ गौरतलब है कि टूलकिट के जरिए भारत की छवि को दुनियाभर में खराब करने की कोशिश करने का प्लान था। टूलकिट के जरिए ही साजिश करने वालों का पर्दाफाश हो गया। दिल्ली पुलिस साइबर सेल अब इस मामले की जांच कर रही है।














