नई दिल्ली । हिमपात वाले इलाके से आने वाली बर्फीली हवा के चलते उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसी बीच बुधवार सुबह राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते कामकाज में जाने वाले लोगों के दिक्कत का सामना करना पड़ा। भारत मौसम विभाग आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के पालम में 8.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो अगले 24 घंटों के दौरान 0.8 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। वहीं, सफदरजंग ने 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जो अगले 24 घंटों के दौरान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। दिल्ली के लोगों को चार दिनों तक शीतलहर और घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि हिमपात वाले इलाके से आने वाली बर्फीली हवा के चलते रात और सुबह के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के बीच हवा का रुख उत्तर-पश्चिम दिशा यानी हिमपात वाले हिस्सों की तरफ से रहेगा। यह हवा अपने साथ बर्फ की ठंड लेकर आएगी। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और सुबह के समय दिल्ली के कई हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि, दिन के समय तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। अगले चार दिनों के लिए घने कोहरे का भी पूर्वानुमान मौसम विभाग की ओर से जताया गया है।