अहमदाबाद| तौकते चक्रवात के चलते पिछले 24 घंटों में गुजरात की 188 तहसीलों में बारिश हुई है| सबसे अधिक अमरेली जिले की बगसरा में 8 ईंच बारिश रिकार्ड हुई| चक्रवात का सबसे ज्यादा असर राज्य के तटीय क्षेत्र की तहसीलों में दिखाई दिया| खासकर अमरेली, धारी, खांभा, राजूला, जाफराबाद, महुवा, ऊना और गिरगढ़डा में चक्रवात ने भारी तबाही मचाई है| राहत की बात यह है कि चक्रवात अब धीरे धीरे कमजोर होने लगा है| चक्रवात के कारण सौराष्ट्र, मध्य और दक्षिण गुजरा में तेज हवा के साथ जबर्दस्त बारिश हुई| जिसमें बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए| पिछले घंटों में राज्य की 188 तहसीलों में बारिश हुई, जिसमें सबसे अधिक अमरेली जिले की बगसरा में 8 ईंच बारिश दर्ज हुई| जिसमें 7 ईंच बारिश सुबह 4 से 6 बजे के बीच हुई| बोटाद के गिरगढडा में 7 ईंच और दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले की उमरगाम तहसील में 7.64 ईंच बारिश दर्ज हुई| चक्रवात को लेकर गुजरात हाईअलर्ट पर है| खासकर सौराष्ट्र में चक्रवात को लेकर स्थिति काफी विकट है| चक्रवात के कारण पोरबंदर एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है| राज्य सरकार ने आपात स्थिति में मंत्रियों को अलग अलग जिलों में जिम्मेदारी सौंपी है| कैबिनेट मंत्री जयेश रादडिया को पोरबंदर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है| चक्रवात से उत्पन्न विकट स्थिति को देखते हुए पोरबंदर जिले के निचले इलाकों से करीब 16 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है| तटीय क्षेत्र के सभी गांवों को खाली करवाया जा चुका है| 2 हजार से अधिक बोटें समुद्र से किनारे पर लौट आई हैं| हालात को देखते हुए पीजीवीसीएल की 38 टीमें स्टैन्ड बाय रखी गई हैं| एनडीआरएफ की 3 टीमें और एसडीआरफ की 1 टीमों को तैनात किया गया है|