छपरा । छपरा के छठघाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते समय हर्ष फायरिंग की गई। इसमें तीन लोगों को गोली लग गई और बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। घायल हुए लोगों में दो की हालत काफी गंभीर है, जिन्हें छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि माझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर छठ घाट के पास कुछ लोग अवैध हथियार लेकर हवाई फायरिंग कर रहे थे, तभी एक गोली भीड़ की तरफ चल गई, जिससे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि फायरिंग करने वाला फरार हो गया। इस मौके के कई वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में एक शख्स अपने तमंचे में गोली भरता हुआ दिख रहा है। इससे पहले इस शख्स ने एक दूसरे साथी से गोलियां लीं और अपनी जेब में रखीं। इसी समय के एक अन्य वीडियो में दिखा कि उस शख्स ने जैसे ही अपने तमंचे में गोली भरी कि उसके हाथ से घोड़ा दबा और सामने खड़े शख्स की बांह में गोली लग गई। घायल हुए दो लोगों में एक का नाम गोलू सिंह है, जो मुबारकपुर का रहने वाला है और दूसरा शख्स छठ के मौके पर अपने मामा के घर आया हुआ था, उसका नाम ऋतिक सिंह बताया गया है। वहीं, कुछ वीडियो अस्पताल के भी सामने आए है। जिसमें दिख रहा है कि डॉक्टर घायल हुए दो लोगों का इलाज कर रहे हैं। एक अन्य वीडियो में चश्मदीद रीतेश कुमार सिंह ने बताया कि वे लोग छठघाट पर पटाखे छोड़ रहे थे। इसी बीच एक अनजान शख्स आया। उसके हाथ में कट्टा था। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। इस मौके पर हम पटाखे चला रहे थे और वह हवाई फायरिंग कर रहा था। इसी बीच एक गोली मिसफायर होकर तीन लोगों को घायल कर गई।