झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रारंभिक रुझानों में त्रिशंकु विधानसभा के आसार नजर आ रहे हैं। सुबह 9.30 बजे तक आए रुझानों में जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई थी, तो विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राजद गठबंधन 33 सीटों पर आगे चल रहा है। इस समय तक के रुझानों में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नज़र नहीं आ रहा है।
भाजपा ने आजसू से किया संपर्क
इस समय तक राज्य की 81 विधानसभा सीटों के लिए बहुमत का आंकड़े से दूर रही और किसी के पास सरकार बनाने के लिए पूर्ण जनादेश नहीं था। सूत्रों के मुताबिक, इसी बीच भाजपा ने आजसू से संपर्क किया है। सूत्र बता रहे हैं कि भाजपा ने अपने पूर्व सहयोगी सुदेश महतो, जोकि आजसू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, से वार्ता की है। सुबह साढ़े 9 बजे तक के रुझानों में भाजपा 35 तो आजसू 8 सीटों पर आगे थी। इस तरह यदि दोनों दल साथ आते हैं तो 43 सीटों के संख्याबल के साथ वह बहुमत का आंकड़ा जुटा लेते हैं और सरकार का गठन कर सकते हैं।
भाजपा के समर्थन के बगैर मैदान में उतरी पार्टी
दरअसल, झारखंड के राजनीतिक दल ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष सुदेश महतो और उनकी पार्टी इस विधानसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन के बगैर मैदान में उतरी। इससे पहले सुदेश महतो को लगातार भाजपा का समर्थन मिलता रहा। पिछले चुनाव में भी उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन किया था।