कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की असम में एंट्री को लेकर राज्य में सत्ताधारी दल भाजपा और टीएमसी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ममता बनर्जी के लिए रेड कार्पेट वाले बयान पर टीएमसी के नेता सौगत रॉय ने उन पर निशाना साधा है। सौगत राय ने सरमा को ‘दल बदलू’ करार दिया है। दरअसल, असम के सीएम सरमा ने रविवार को कहा था कि मैं रेड कार्पेट बिछाकर ममता बनर्जी का स्वागत करूंगा क्योंकि असम में टीएमसी के आने का भाजपा को लाभ मिलेगा। सौगत रॉय ने कहा उन्होंने (सरमा) जो कहा, मैं उसे महत्व नहीं देता। वह एक दल बदलू नेता हैं। वह सर्बानंद सोनोवाल की जगह मुख्यमंत्री बने हैं, जो एक अच्छे इंसान हैं।
उन्होने कहा सरमा ने कांग्रेस इसलिए छोड़ दी थी, क्योंकि तरुण गोगोई को मुख्यमंत्री बना दिया गया था। तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कहा उनकी सरकार के दौरान, मिजोरम सीमा विवाद में असम के पुलिसकर्मियों की जान चली गई। दिमासा विद्रोहियों ने ट्रक ड्राइवरों को मार डाला। असम में स्थिति गंभीर है। उन्हें पश्चिम बंगाल पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। इसकी जगह उन्हें अपने राज्य की देखभाल करनी चाहिए।