टोक्यो। आगामी टोक्यो ओलंपिक के लिए आयोजन समिति और जापान ओलिम्पिक प्रबंधन ने 2021 ओलम्पिक और पैराओलम्पिक के लिए जर्सी, पोडियम, थीम म्यूजिक को रिलीज कर दिया है। विजय समारोहों में इस्तेमाल की जाने वाली वेशभूषा आधुनिक पोशाक के अलावा पारंपरिक कीमोनो उत्पादन तकनीक का समावेश है। इसमें कसाने (लेयरिंग), ओरी (बुनाई), मुसुबी (गांठें) और सो-मी (रंगाई) का इस्तेमाल हुआ है।इस पोशाक की सबसे खास बात यह है कि यह रिसाइकिल हो जाएगी। पोशाक का डिजाइन ऐसा है जिससे इसे पहनने वाले को टोक्यो की गर्मी और आद्र्रता से परेशानी न हो। यह पोशाकें पदक धारकों और जीत समारोह के दौरान एथलीटों के साथ चलने वालों द्वारा पहनी जाएंगी।
वहीं ओलिम्पिक का थीम म्यूजिक जापान के मशहूर संगीतकार सातो नाओकि ने बनाया है। इसे बनाने के लिए 144 संगीतकारों और 112 कोरस मैंबरों की सेवाएं ली गई हैं। सातो ने कहा कि संगीत उस क्षण के साथ तैयार किया गया है जब दुनिया भर के लोग मंच पर एथलीटों की प्रशंसा और उत्सव में एकजुट होते हैं। ओलिम्पिक ट्रे जिसमें स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक लाए जाएंगे, को थर्माप्लास्टिक पॉलीमर और मोटिफ (किसी वस्तु के चित्र) से बनाया गया है। इसके अलावा नीला रंग समुद्री पानी का प्रतीक है। पदक धारकों के लिए तैयार पोडियम भी प्लास्टिक वेस्ट से बनाया गया है। इसके लिए जापान में मुहिम चलाई गई थी। लोगों ने नौ महीनों कुल 24.5 टन प्लास्टिक दान किया। इसके अलावा 4 लाख कपड़े धोने के साबुन से कुल 98 पोडियम बनाए गए हैं।














