मूल्यांकन के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज बाजार की सबसे बड़ी कंपनी रही
नई दिल्ली। शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह तेजी का सिलसिला बने रहने के साथ सेंसेक्स की दस प्रमुख कंपनियों में से सात का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) कुल मिलाकर 1,40,430.45 करोड़ रुपए बढ़ गया। इनमें सबसे ज्यादा लाभ रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 74,329.95 करोड़ बढ़ कर 12,94,038.34 करोड़ रुपए, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 22,943.86 करोड़ बढ़कर 4,47,323.82 करोड़ रुपए, इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 15,888.27 करोड़ रुपए उछल कर 5,57,835.85 करोड़ रुपए, एचडीएफसी की बाजार हैसियत 12,439.33 करोड़ रुपए सुधर कर 5,02,316.66 करोड़ रुपए, टीसीएस की 12,420.4 करोड़ रुपए बढ़कर 11,97,442.25 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 2,274.77 करोड़ रुपए चढ़कर 3,36,032.83 करोड़ रुपए और भारतीय स्टेट बैंक की बाजार हैसियत 133.87 करोड़ रुपए के सुधार के साथ 3,50,915.73 करोड़ रुपए हो गई। इसके विपरीत एचडीएफसी बैंक का शेयर भाव के हिसाब से मूल्यांकन 8,015.87 करोड़ रुपए गिर कर 8,71,719.64 करोड़ रुपए, हिंदुस्तान यूनीलीवर का 6,684.48 की हानि के साथ 5,26,747.02 करोड़ रुपए और कोटक महिंद्रा बैंक का बाजार पूंजीकरण 6,160.88 रुपए संकुचित हो सप्ताहांत 3,86,580.16 करोड़ रुपए पर आ गया। मूल्यांकन के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज बाजार की सबसे बड़ी कंपनी रही। उसके बाद टीसीएस और एचडीएफसी बैंक का स्थान है।














