राजधानी दिल्ली के सबसे बड़े रैन बसेरे में रह रहे लोगों की बोरियत को दूर करने के लिए मैजिक शो शुरू किया गया है। इस मैजिक शो के जरिए लोगों को हंसाने के साथ ही कोरोना के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। शो के जरिए इस तरह से लोगों को समझाया जा रहा है, जब वह रैन बसेरा छोड़कर जाएंगे तो दूसरे लोगों को कोरोना से बचाव के तरीके बताएंगे।

यह वही लोग हैं जो लॉकडाउन के बाद दिल्ली छोड़कर दूसरे प्रदेशों में पैदल ही अपने घरों को जा रहे थे। बॉर्डर पार करने से पहले ही पुलिस इन्हें वाहनों में भरकर दिल्ली सरकार की ओर से बनाए गए रैन बसेरो में ले आई। दिल्ली में सबसे बड़ा रैन बसेरा विवेक विहार स्थित यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बनाया गया है। यहां 500 के आसपास लोग रह रहे हैं। रोजाना इनकी संख्या में इजाफा हो रहा है। लॉकडाउन की वजह से बाहर जा नहीं सकते हैं, उन्हें बोरियत महसूस न हो। उसके लिए विवेक विहार के एसडीएम राजेश चौधरी ने मैजिक शो शुरू करवाया है।

एसडीएम ने बताया कि भारत में यह पहला ऐसा रैन बसेरा है, जहां पर मैजिक शो हो रहा है। दिलशाद गार्डन में रहने वाले जादूगर राजकुमार यह शो कर रहे हैं। इस शो के जरिए यहां रह रहे लोगों की मानसिक स्थिति को भी देखा जा रहा है। जादूगर शो के दौरान लोगों से सवाल जवाब भी पूछते हैं, ताकि लोगों का सामाजिक ज्ञान भी बढ़ सके। शो के शुरू होने से यहां रहने वाले लोग काफी खुश हैं।

इसके साथ ही एसडीएम ने बताया कि रैन बसेरे में डॉक्टरों की टीम मौजूद है, जो समय समय पर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करती है। खाना देने के साथ ही इन्हें फल दिए जा रहे हैं। लॉकडाउन तक सभी को रैन बसेरे में रहना है, ऐसे में इन लोगों के लिए कपड़ों की भी व्यवस्था की जा रही है। इस काम में सामाजिक संगठनों से भी मदद ली जा रही है।

एसडीएम राजेश चौधरी ने बताया कि मंगलवार से रैन बसेरे में सुबह और शाम को योग होगा। रैन बसेरे में रहने वाले लोगों के साथ ही जो लोग रैन बसेरे में देखभाल कर रहे हैं, वह भी योग करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहना जरूरी होता है, योग को कही भी किया जा सकता है। योग के करने से बीमारियां दूर रहती हैं।

 

 

Previous articleमरकज प्रमुख मौलाना साद को दिल्ली पुलिस ने भेजा दूसरा नोटिस
Next articleदिल्ली वाले भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, अप्रैल में पारा चला जाएगा 40 के पार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here