नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को अभी तेज गर्मी से राहत रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों के बीच तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इससे तापमान आमतौर पर चालीस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। दिल्ली के लोगों को हाल के दिनों में सामान्य से ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार के दिन भी दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री के पार रिकार्ड किया गया था। लेकिन, मौसम में हो रहे बदलाव से अब थोड़ी राहत का रुख देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार के दिन आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी देखने को मिल सकती है। जबकि, रात के समय थोड़ी गरज-चमक देखने को मिलेगी। जबकि, रविवार के दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट का रुख बना रहेगा। शुक्रवार के दिन दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है।














