दिल्ली में एक एसएचओ समेत 26 पुलिसकर्मी क्वॉरेंटाइन किए गए हैं। ये सभी लोग कोरोना संक्रमित दो पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए थे। इसकी जानकारी पुलिस की तरफ से शुक्रवार को दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, सभी की जांच के लिए सैंपल लिया गया है। इससे पहले भी दिल्ली में कई पुलिसकर्मियों को क्वॉरेंटाइन किया गया था। कोरोना का संक्रमण अब पुलिसकर्मियों तक जा पहुंचा है।
चांदनी महल थाने के सभी पुलिस कर्मी क्वारंटाइन
वहीं, कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते बुराड़ी व चांदनी महल थाने के पुलिस कर्मियों को थाने में ही क्वारंटाइन कर दिया गया है। बुराड़ी थाने में तैनात एक एएसआइ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके संपर्क में आए दो दर्जन पुलिस कर्मियों को थाने में ही क्वारंटाइन किया है। मॉडल टाउन पुलिस कॉलोनी में रहने वाले एक सब इंस्पेक्टर, नर्सिंग इंचार्ज उनकी पत्नी व एक बेटे के संक्रमित होने पर पुलिस कॉलोनी के तीन ब्लॉक सील कर दिए गए हैं। चांदनी महल थाने के दो सिपाहियों के पॉजिटिव आने पर थाने के सभी कर्मियों को थाने में ही क्वारंटाइन कर दिया गया है।
पीतमपुरा स्थित भगवान महावीर अस्पताल में एक कोरोना संदिग्ध गर्भवती महिला की मौत के बाद अस्पताल के 20 डॉक्टर समेत 68 कर्मचारियों को क्वारंटाइन किया गया है। महिला 13 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती हुई थी। तीन दिन बाद 15 अप्रैल को उसकी हालत बिगड़ी, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। हालत और खराब होने के बाद महिला ने डॉक्टरों को बताया कि वह विदेश से यात्र करके लौटी है और कोरोना संक्रमित यात्रियों के संपर्क में आई है। इसके साथ ही परिवार के चार अन्य सदस्यों को अधिकारियों ने 10 अप्रैल से 24 अप्रैल के लिए होम क्वारंटाइन का आदेश दिया था। बुधवार रात उसकी मौत हो गई। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। साथ ही अस्पताल के 20 डॉक्टर समेत 68 नर्स और अन्य कर्मचारी, जो उस महिला व उसके परिजन के संपर्क में आए हैं, सभी को होम क्वारंटाइन के आदेश दिए गए हैं।