नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मौसम में सोमवार से बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शाम के वक्त गरज-चमक के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। सोमवार के बाद अगले तीन दिनों तक बीच-बीच में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में रविवार सुबह से ही तेज चमकीला सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। दोपहर के समय लोगों ने खासी गर्मी महसूस की। हालांकि, पिछले दिनों हुई हल्की बूंदाबांदी के असर से अब भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में रविवार के दिन अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा गर्मी रही। यहां का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर भारत में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार से दिल्ली के मौसम पर भी दिखाई पड़ेगा। इसके चलते बादलों की आवाजाही लगी रहेगी और शाम के समय गरज-चमक भी हो सकती है। वहीं मंगलवार, बुधवार और गुरुवार के दिन तेज हवा चलने और हल्की बरसात के दौर आने की उम्मीद है। इसके चलते तापमान में खासी गिरावट होगी। यहां तक कि बुधवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

Previous articleकोविड से दिल्ली को 30 हजार करोड़ का नुकसान
Next articleधीमी होती जा रही कोरोना की रफ्तार 3 लाख के नीचे गिरा नए मामलों

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here