जयपुर । जिला कलक्टर अन्तरसिंह नेहरा ने जिला कलक्टे्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर दीपावली पर रोशनी के लिए अस्थायी कनेक्शन जारी करने, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, कोविड संक्रमण रोकने के लिए डिमाण्ड आने पर विभिन्न कार्यालयों, स्थानों पर सेनेटाइजेशन व्यवस्था, सिलिकोसिस के मामलों को निस्तारित करने के लिए 15 दिवस में प्रस्ताव तैयार करने सहित कई निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न विभागों के ऐसे आधिकारियों को नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। नेहरा ने कहा कि दीपावली का त्योहार नजदीक है। इस बार कोविड की स्थितियों के कारण ज्यादा सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी आवश्यकता नजर आए या डिमाण्ड आए नगर निगम सेनेटाइजेशन के लिए तत्पर रहे। कचरा नियमित रूप से उठाया जाना चाहिए ताकि त्योहार पर शहर साफ नजर आए। जिला कलक्टर को अधिकारियों द्वारा दीपावली की रोशनी के लिए अब तक लिए गए अस्थायी विद्युत कनेक्शन की जानकारी दी गई। नेहरा ने जेवीवीएनएल अधिकारियों को घरेरू बिजली कनेक्शन शीध्रता से प्रदान करने के लिए निर्देशित किया एवं झूलते-लटके तार, खुले मीटर्स को ठीक करने को कहा। नेहरा ने सिलिकोसिस के 70 से अधिक पेंडिंग मामलों को निस्तारित करने के लिए 15 दिवस में प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी व्यक्तियों सेे दूरभाष पर सम्पर्क कर उन्हें योजना का लाभ जल्द से जल्द दिलाने हेतु निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से शहर में आरयूएचएस, जयपुरिया एवं ईएसआई कोविड अस्पतालों की क्षमता और वर्तमान में भर्ती कोविड मरीजों की जानकारी ली।














