नई दिल्ली। देश ने कोविड-19 टीकाकरण अभियान में एक अहम लक्ष्य हासिल किया है और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की बुधवार शाम तक की रिपोर्ट के अनुसार अब तक टीके की 22 करोड़ से अधिक खुराक लगाई गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को 18-44 साल आयु वर्ग के 11,37,597लोगों को टीके की पहली खुराक दी गयी जबकि 19,523 को दूसरी खुराक लगाई गई। मंत्रालय ने बताया कि देश में टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक 37 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में 2,25,40,803 लोगों ने कोविड-19 टीके की पहली खुराक और 59,052 लोगों ने दूसरी खुराक ले ली है। उसने कहा कि बिहार, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 18-44 साल के 10 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगा दी गयई है।
मंत्रालय ने कहा कि बुधवार शाम तक की अंतिरम रिपोर्ट के अनुसार देश में अब तक कोविड की 22,08,62,449 खुराक लगाई जा चुकी हैं। इनमें 99,11,519 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक, 68,14,165 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक, 1,58,39,812 अग्रिम मोर्चा कर्मियों को पहली खुराक और 85,76,750 अग्रिम मोर्चा कर्मियों को दूसरी खुराक लगाई गई। मंत्रालय के अनुसार 18-44 साल की उम्र के 2,25,40,803 लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक और 59,052 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा 45-60 साल उम्र के 6,78,25,793 को पहली खुराक और 1,09,67,786 को दूसरी खुराक दी गई है तथा 60 साल से अधिक उम्र के 5,93,85,071 लोगों को पहली खुराक और 1,89,41,698 को दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है।