नई दिल्ली। देश में कोरोना के नए मामलों की संख्या लगभग स्थिर है। बीते 24 घंटों में देश भर में कोरोना संक्रमण के 38 हजार नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 500 से कम मौतें हुई हैं। देश में कोरोना के नए मरीज और ठीक होने वालों की संख्या लगभग स्थिर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटे में 38,164 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 499 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। राहत की बात है कि लगातार पांचवें दिन मौत का आंकड़ा 600 से कम रहा है। इससे पहले 13 जुलाई को 625 लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई थी। देश में कोरोना से ठीक हुए मरीजों के आंकड़ों की बात करें तो बीते 24 घंटे में देश में 38,660 मरीज ठीक हुए हैं। इसको मिलाकर कुल ठीक हुए मरीजों की संख्या 3.03 करोड़ पहुंच गई है। इसके अलावा कोरोना के सक्रिय मामले 24 घंटे में 995 कम हुए हैं। देश में अभी 4.21 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक कुल 3.11 करोड़ केस आए हैं जिसमें से 3.03 करोड़ ठीक हो चुके हैं। देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।