चंडीगढ । भ्रष्टाचार के खिलाफ सीधी कार्रवाई करने में पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अपने नेता और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को मात देते हुए बड़ा फैसला किया और अपनी कैबिनेट के स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी के आरोप में बर्खास्त कर दिया। आपको याद होगा सीएम केजरीवाल के वो विज्ञापन जिसमें वो कहते नजर आते थे, कोई आपसे रिश्वत मांगे तो मना मत करना बल्कि उसे कैमरे में रिकॉर्ड कर लेना। दिल्ली की तर्ज पर पंजाब की नई नवेली भगवंत मान सरकार ने भी भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया। लेकिन अब भगवंत मान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ही भ्रष्टाचार के आरोपों के घेरे में आ चुके हैं, जिसकी वजह से उन्हें अपने पद से भी हाथ धोना पड़ा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा एक्शन लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। सिंगला पर अधिकारियों से कमीशन मांगने का आरोप लगा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मान को स्वास्थ्य मंत्री के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के पुख्ता सबूत मिले थे। इसके साथ ही पंजाब सीएम ने सिंगला के खिलाफ पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि एक दशक पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए विजय सिंगला लंबे वक्त से सिविस अस्पताल मानसा रोड पर एक डेंटल क्लीनिक चला रहे हैं। उनकी पत्नी अनीता सिंगला भी बीएएमएस हैं और बेटा चेतन सिंगला एमडी की पढ़ाई कर रहे हैं। इस बार के पंजाब विधानसभा चुनाव में डॉ. सिंगला ने मानसा से प्रसिद्ध गायक और कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धी मूसेवाला को 60 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था।