भिंड जिले के मेहगांव चिकित्सालय में डॉक्टर ने पैर में गोली लगने के बाद घायल युवक को पर्चे में सिर का एक्स-रे करवाने के लिए लिख दिया। जब घायल एक्स-रे करवाने जिला चिकित्सालय पहुंचा, तब मामला गलती का पता चला।।
जानकारी के अनुसार
मुश्तरा गांव, मेहगांव निवासी सुदामा बघेल के घर बेटे विकास की शादी थी। 2 अप्रैल को सुदामा बेटे की बारात लेकर मेहगांव के पास बरासो थाना क्षेत्र के भूरे के पुरा गांव गया। यहां बारात में लड़के का जीजा वीरेंद्र (28) पुत्र हरिराम फुसावली हस्तिनापुर जिला ग्वालियर भी शामिल हुआ था। रात करीब 10:30 बजे टीका की रस्म चल रही थी। इसी बीच भूरे का पुरा निवासी रवि बघेल पिस्टल लेकर आ गया और हर्ष फायर करने लगा।
इसी दौरान एक गोली सीधे दूल्हे के जीजा वीरेंद्र के पैर में जा लगी। गोली लगते ही जश्न में खलल पड़ गया। आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद घायल को एमएलसी ( मेडिकल चेकअप) के लिए मेहगांव चिकित्सालय ले जाया गया। यहां रात करीब 3 बजे ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आरएस तोमर ने चेकअप किया। इसके बाद घायल का एक्स-रे किए जाने को लेकर भिंड जिला अस्पताल के लिए लिखा।
पीड़ित के ससुर सुदामा बघेल के अनुसार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। यहां रेडियोलॉजी विभाग में जाकर एक्स-रे के लिए संबंधित को डॉक्टर का पर्चा दिया। वहां मौजूद एक्स-रे कर्ता ने बताया, डॉक्टर ने सिर का एक्स-रे किए जाने का पर्चे पर लिखा है, जबकि गोली पैर में घुटने के पास लगी है। उसने एक्स-रे करने से इनकार करते हुए पर्चा सुधरवाकर लाने के लिए कहा। इसके बाद परिजन तुरंत वापस करीब 20 किलोमीटर मेहगांव चिकित्सालय पहुंचे। यहां देखा तो डॉ. तोमर छुट्टी पर थे। जिला अस्पताल आकर ये बात बताई। इसके बाद दूसरे डॉक्टरों को दिखाकर काफी परेशानी के बाद पैर का एक्सरे हुआ।