भोपाल। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में बढोतरी होने लगी है।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरूवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। शुक्रवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर (विशेषकर ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में) गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शेष स्थानों पर बादल छाने से दिन के तापमान में गिरावट हाेने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्रीसे.दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिग्रीसे. अधिक रहा। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में गुजरात और राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही है। हवा का रूख दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हो रहा है। इस वजह से गुजरात, राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवा से तापमान बढ़ने लगा है। हालांकि वर्तमान में अरब सागर पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बनने से अब कुछ नमी भी आने लगी है। इससे कुछ बादल भी छाने लगे हैं। गुरूवार को भी गर्मी के तेवर इसी तरह बने रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अरब सागर से बने चक्रवात के कारण वातावरण में नमी आने लगी है। उधर पाकिस्तान और उसके आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यह सिस्टम भी ऊपरी हवा की शक्ल में है। इस सिस्टम के आगे बढ़ने से गुरूवार शाम से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इसके तहत शुक्रवार को प्रदेश में अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाने लगेंगे। साथ ही ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। बता दें कि बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस खजुराहो और नौगांव में दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 41. 6 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ। यह इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके पूर्व छह अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था।














