नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल होने के बाद अब भाजपा में संगठन में बदलाव की तैयारी में जुट गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर को जल्दी ही संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा जल्द ही पूर्व वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर के लिए नए पदों की घोषणा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार इन नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव या उपाध्यक्ष का पद मिल सकता है। साथ ही चुनावी राज्यों के प्रभारी की अहम ज़िम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जल्द ही इस संबंध में घोषणा करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिवों के साथ बैठक की।
उन्होंने संगठन की गतिविधियों और पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि 2019 में पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल में सत्ता में वापसी के बाद पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल के फेरबदल और विस्तार में बुधवार को 43 नेताओं ने शपथ ली है। यह शपथ ग्रहण संसद के मानसून सत्र के कुछ दिन पहले राष्ट्रपति भवन में हुआ। इसमें कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह ध्यान रखा गया। रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर उन 12 मंत्रियों में शामिल थे, जिन्होंने 7 जुलाई को केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।