दुकानों और शॉपिंग मॉल में प्रवेश के लिए भी मास्क लगाना होगा
मुंबई। मास्क नहीं तो एंट्री नहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कड़ाई के साथ इस नियम का पालन कराने की तैयारी कर रही है। मुंबई में सभी टैक्सी और बसों में यात्रा करने के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इतना ही नहीं दुकानों और शॉपिंग मॉल में प्रवेश के लिए भी मास्क लगाना अनिवार्य होगा। यह फैसला देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में कोविड-19 प्रसार की बुरी हालत को देखकर किया गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र, भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। महाराष्ट्र में भी सबसे ज्यादा प्रभावित राजधानी मुंबई रही है। ऐसे में महाराष्ट्र में पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने का नियम कड़ाई से लागू किया गया है। इसके उल्लंघन पर प्रशासन कड़े कदम उठा रहा है और किसी को भी नहीं बख्शा जा रहा है। हाल ही में महाराष्ट्र के प्रमुख राजनीतिक दल मनसे के प्रमुख राज ठाकरे पर मास्क न पहनने के अपराध में जुर्माना लगाया गया था। ऐसा तब हुआ था, जब वे अपने परिवार के कुछ सदस्यों तथा मित्रों के साथ नौका पर सवार हुए थे। कोरोना की स्थिति के बारे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि कोविड-19 के खतरे को देखते हुए, उनकी सरकार सावधानी से कदम उठा रही है और एसओपी को तदनुसार तैयार किया गया है। ठाकरे ने मास्क पहनने, हाथों साफ करने और सामाजिक दूरी बनाए रखने पर जोर दिया और रेस्तरां खोले जाने को लेकर कहा था कि रेस्तरां के फिर से खुलने पर सावधानियों का पालन करने की जरूरत है।
सतीश मोरे/30सितंबर