सिलचर। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से त्रिपुरा जाने का प्रयास कर रहे म्यांमार के 15 रोहिंग्याओं को दक्षिण असम में आरपीएफ के जवानों ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार रोहिंग्याओं में 3 महिलाएं और 6 बच्चे शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि रोहिंग्या त्रिपुरा के रास्ते बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा की 856 किमी सीमा बांग्लादेश से लगती है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने 15 रोहिंग्याओं को दक्षिणी असम के करीमगंज जिले के बदरपुर रेलवे स्टेशन पर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आए और त्रिपुरा जाने वाली ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार करने के बाद आरपीएफ कर्मियों ने उन्हें राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया।
जीआरपी के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद रोहिंग्याओं ने कबूल किया कि वे कुछ माह पहले उत्तर प्रदेश गए थे और नौकरी की तलाश में अलग-अलग शहरों में रहे। दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश में शरणार्थी शिविरों से रोहिंग्या अक्सर नौकरी की तलाश में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में अवैध रूप से प्रवेश करते हैं या मानव तस्करी में फंस जाते हैं।