नई दिल्ली। उत्तर भारत में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत कई हिस्सों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। भीषण गर्मी का आलम तो यह है कि राजस्थान के करौली में मंगलार को पारा 43.9 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिल्ली में गर्मी ने फिर से अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। वहीं, बिहार में बुधवार को बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, मगर बाढ़ की हालात की वजह से कई इलाकों में आफत है। वहीं, यूपी में बारिश से राहत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान जताया है। चलिए जानते हैं मौसम का हाल।
राष्ट्रीय राजधानी में शाम को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और हवा में आर्द्रता कम रही। आईएमडी के अनुसार, सापेक्ष आर्द्रता 34 प्रतिशत दर्ज की गई। हरियाणा और पंजाब में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा तथा गुरुग्राम में तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि हरियाणा में सबसे गर्म स्थान रहा। पंजाब के बठिंडा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। पटियाला में 40.6 डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक था। राजस्थान के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटे में हल्की बारिश हुई। राज्य में करौली सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। दक्षिण पश्चिमी मॉनसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, धौलपुर और भीलवाड़ा जिलों में स्थिर रही और पिछले कई दिनों में यह आगे नहीं बढ़ा। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 जुलाई के बाद राजस्थान के बाकी हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रह सकता है।

Previous articleफेरबदल और विस्तार से पहले एक बार फिर से कैबिनेट रद्द
Next articleपूर्वोत्तर राज्यों में कोरोना की स्थिति पर समीक्षा करेगा केंद्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here