अहमदाबाद। भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के मोटेरा के दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए टिकटों की बुकिंग रविवार से शुरू हो गई है। गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जीसीए अधिकारियों ने कहा कि चार मैचों की सीरीज के मोटेरा स्टेडियम में होने वाले अंतिम दो टेस्ट मैचों के दौरान केवल 50 प्रतिशत दर्शकों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इंग्लैंड की टीम इस स्टेडियम में भारत के खिलाफ दो टेस्ट (जिसमें एक डे-नाइट मैच शामिल) और पांच टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। स्टेडियम में एक लाख दस हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। जीसीए उपाध्यक्ष धनराज नाथवानी ने कहा कि कोविड-19 के बाद सीरीज की मेजबानी करना जीसीए के लिए सम्मान की बात है और खेल प्रेमियों के मनोरंजन के लिए सभी सामाजिक दूरी और सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा।
पिंक गेंद का टेस्ट (सीरीज का तीसरा मैच) 24 फरवरी से शुरू होगा, जिसके लिए टिकटों की कीमत 300 से 1000 रुपए के बीच रखी गई है। एक अन्य जीसीए अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 24 फरवरी को स्टेडियम में उद्घाटन समारोह में शिरकत करने की उम्मीद है।














