चंडीगढ़। कोरोना की वैक्सीन की खोज के लिए दुनिया भर में रिसर्च जारी है। इसी कड़ी में सीरम इंस्टीट्यूस पुणे औऱ इंग्लैंड की ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी ने कोविशिल्ड नाम की वैक्सीन को तैयार किया है। इसका पहला ट्रायल इंग्लैड में हो चुका है, जबकि दूसरे और तीसरे फेज का ट्रायल भारत में होगा। इसके लिए देश के 17 मेडिकल इंस्टीट्यूट्स को जिम्मा सौंपा गया है। पीजीईआई चंडीगढ़ इनमें से एक है। पीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर जगत राम ने बताया कि हमारे लिये ये गर्व की बात है। कोविशिल्ड वैक्सीन के 2 फेज के ट्रायल भारत में हो रहे हैं। पीजीआई में हम जल्द ही इस पर काम शुरू करने जा रहे है। कुछ ही दिनों में हमें एथिकल परमिशन मिल जायेगी। इसके बाद हमारी एक टीम अपना काम शुरू करेगी।
पीजीईआई में कम्युनिटी मेडीसीन डिपार्टमेंट की डॉक्टर मधु गुप्ता टीम को लीड करेंगीं। जगत राम ने बताया कि भारत में 1600 लोगों पर इसका ट्रायल होगा। चंडीगढ़ में हम 18 साल से ऊपर के स्वस्थ लोगों पर इसका ट्रायल करने वाले है। इन लोगों की पहले सभी जांच होगी। जांच में सब कुछ सही होने के बाद इन्हें इंजेक्शन लगाया जाएगा। फिर 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जायेगी। इस दौरान देखा जायेगा कि शरीर में कितनी एंटी बॉडी बन रही है। जगत राम ने उम्मीद जाहिर कि दिसंबर तक ये ट्रायल पूरा हो जाएगा।