नई दिल्ली। कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए देश में कोविड-19 से ठीक हुए लोगों की संख्या 3 करोड़ से अधिक हो गई है। कोविड महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक संक्रमित हुए लोगों में से 3,00,14,713 लोग पहले ही ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान ठीक हुए मरीजों की संख्‍या 39,649 रही। इस प्रकार कुल मिलाकर रिकवरी दर 97.22 प्रतिशत हुई है, जो लगातार रिकवरी के बढ़ते हुए रूझान को दर्शाती है। दूसरी ओर भारत की संचयी टीकाकरण कवरेज 37.73 करोड़ के स्‍तर को पार कर गई है। आज प्रात: सात बजे तक प्राप्‍त रिपोर्ट के अनुसार 48,51,209 सत्रों के माध्‍यम से कुल मिलाकर 37,73,52,501 टीके लगाए जा चुके हैं। कोविड-19 टीकाकरण के सार्वभौमिकरण का नया चरण 21 जून, 2021 को शुरू हुआ। केन्‍द्र सरकार देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति और दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले 24 घंटों में 37,154 दैनिक नये मामले सामने आए हैं। पिछले 15 दिनों से लगातार दैनिक नये मामलों की संख्‍या 50,000 से कम चल रही है। यह केन्‍द्र और राज्‍य/केन्‍द्र शासित प्रदेशों के लगातार और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
देश में सक्रिय मामलों की संख्‍या आज 4,50,899 हो गई है और सक्रिय मामले अब देश के कुल संक्रमित मामलों के केवल 1.46 प्रतिशत ही हैं। पूरे देश में परीक्षण क्षमता में लगातार बढ़ोतरी से पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 14,32,343 व्‍यक्तियों की जांच की गई। देश में अब तक कुल मिलाकर 43 करोड़ (43,23,17,813) परीक्षण किये जा चुके हैं। देश में जहां एक ओर परीक्षण क्षमता में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं साप्‍ताहिक संक्रमण में भी लगातार गिरावट हो रही है। साप्‍ताहिक संक्रमण दर वर्तमान में 2.32 प्रतिशत है, जबकि दैनिक संक्रमण दर आज 2.59 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर पिछले 21 दिनों से लगातार 3 प्रतिशत से कम बनी हुई है और यह 35 दिनों से लगातार 5 प्रतिशत से कम चल रही है।

Previous articleराज्यों को टीके की 39.46 करोड़ से अधिक खुराकें दी गईं
Next articleदो पीएसए संयंत्र अगले 20 वर्षों तक इन अस्पतालो में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे: मंत्री मंडाविया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here