नई दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर ने पूरे देश में अपने पैर फैला लिए हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार, सरकारी संस्थान, एनजीओ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। सेना, वायुसेना और नौसेना, तीनों ही आम नागरिकों की मदद के लिए काम कर रही है। भारतीय नौसेना ने उपचार के लिए लक्षद्वीप के कल्पेनी से 75 वर्षीय एक कोरोना मरीज को एयरलिफ्ट कर कोच्चि पहुंचाया। इसके लिए नौसेना एयर स्टेशन और आईएनएस गरुड़ का इस्तेमाल किया। दक्षिणी नौसेना कमान के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मरीज चोट से भी परेशान था। उसे बुधवार को लक्षद्वीप प्रशासन के द्वारा पवन हंस हेलिकॉप्टर से आईएनएचएस संजीवनी (नौसेना अस्पताल) लाया गया, जहां उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बयान में कहा गया है, “मरीज को यूटीएल प्रशासन के अनुरोध के आधार पर दक्षिणी नौसेना कमान द्वारा सहमति के अनुसार चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। नौसेना अस्पताल ने लक्षद्वीप प्रशासन के मरीजों के लिए दस बेड आरक्षित किए हैं। इस बीच, भारतीय नौसेना के किराए के जहाज एमपीवी मेघना ने बुधवार दोपहर को 13 भरे हुए ऑक्सीजन सिलेंडर एंड्रोथ द्वीप पर उतार दिए। बयान में कहा गया, “पोत अब कावरत्ती द्वीप पर 25 भरे हुए ऑक्सीजन सिलिंडरों को हटाने और अमिनी द्वीप के छह खाली सिलेंडरों को लगाने के लिए आगे बढ़ रहा है।दक्षिणी नौसेना कमान के मुख्यालय के तत्वावधान में नौसेना अधिकारी इन चार्ज (लक्षद्वीप) के मार्गदर्शन में एंड्रोथ में नौसेना टुकड़ी द्वारा सहायता संचालन किया जा रहा है।














