दुनिया के 12 देशों में फैला है भाजपा विधायक संजय पाठक का कारोबार
कटनी विजयराघवगढ़ सीट (कटनी) से भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री संजय पाठक ने राम मंदिर के लिए मां निर्मला पाठक की ओर से 1 करोड़, 11 लाख, 11 हजार, 111 रुपए दान में दिए हैं। उन्होंने यह दान शहर के निर्मल सत्य गार्डन में राम मंदिर समर्पण निधि कार्यक्रम में दी। इस मौके पर विधायक पाठक ने कहा- पूज्य पिता के आशीर्वाद से ही मैं इस महान रामकाज में छोटा सा समर्पण दे पा रहा हूं। ये मेरा सौभाग्य है। जगत के पालनहार के लिए तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा। इसी को चरितार्थ करते सभी को यथाशक्ति व श्रद्धा के अनुसार अपना समर्पण देना चाहिए। पाठक ने इस दान पर ट्वीट किया- ”प्रभु श्रीराम का प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित। उन्होंने इसे सेतु बंधन में नन्हीं गिलहरी सा योगदान बताया।
संजय पाठक की गिनती मध्य प्रदेश के सबसे अमीर राजनेताओं में होती है।
दुनिया के 12 देशों में उनका कारोबार फैला हुआ है। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने खुद की संपत्ति 141 करोड़ रुपए घोषित की थी। पाठक के कई बड़े होटल्स और रिजॉर्ट्स हैं। उनके पास खुद का हेलीकॉप्टर है। अपनी स्टाइल और पहनावे के कारण संजय पाठक अक्सर चर्चा में रहते हैं। विधायक पाठक पहले कांग्रेस में थे। भाजपा में जाने के बावजूद उनके प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी पुराने रिश्ते हैं। उन्होंने 1989 में युवक कांग्रेस से राजनीति की शुरुआत की। वह युवक कांग्रेस जबलपुर ग्रामीण के महामंत्री और कटनी कांग्रेस कमेटी के महामंत्री भी रहे हैं।
#Savegajraj