मुंबई। भारत में अब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर लगभग थमने लगी है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। इस बीच महाराष्ट्र के तीन जिलों रत्नागीरि, नवी मुंबई और पालघर में डेल्टा प्लस वैरिएंट के कई मामले सामने आए हैं। कोरोना का यह नया वेरिएंट भारतीय वैरिएंट कहे जाने वाले बी.1.617.2 के म्यूटेशन से पैदा हुआ है। फिलहाल, इसे ‘वेरिएंट ऑफ इंट्रेस्ट’ की कैटेगरी में रखा गया है, यानी इसमें यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि किस तरह से यह वायरस अपना रूप बदल रहा है। राहत की बात य़ह है कि फिलहाल इसे ‘वेरिएंट ऑफ कंसर्न’ में नहीं रखा गया है, यानी तुरंत चिंता की बात नहीं है।
चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान निदेशालय (डीएमईआर) के निदेशक डॉ टी पी लहाने ने कहा डेल्टा प्लस वैरिएंट बेहद संक्रामक है। इसके फैलने की गति बहुत तेज है। उन्होंने कहा कि अगर भारत में कोरोना की तीसरी लहर आती है तो इसके लिए डेल्टा प्लस वेरिएंट बहुत हद तक ज़िम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि इस वेरिएंट से एक्टिव केस 8 से 10 लाख तक जा सकते हैं, जिसमें से 10 प्रतिशत संख्या बच्चों की हो सकती है। कहा जा रहा है कि कोरोना का यह नया वेरिएंट इम्यून सिस्टम को भी चकमा दे सकता है।
उल्लेखनीय बात यह है कि महाराष्ट्र में कोरोना के केस लगातार घट रहे हैं। ध्यान देने की बात यह है कि कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा और सांगली सहित पश्चिमी महाराष्ट्र के जिलों में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट भी काफी ज्यादा है। डॉ टीपी लहाने ने कहा, हमें नवी मुंबई, पालघर और रत्नागिरी में डेल्टा-प्लस मिला है। उसके बाद, हमने और सैंपल भेजे हैं। अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। डेल्टा प्लस के 7 में से कम से कम 5 वेरिएंट रत्नागीरी से मिले हैं। यहां 10 जून तक पॉजिटिविटी रेट 13.7 फीसदी थी। जबकि इस दौरान महाराष्ट्र में पॉजिटिविटी रेट सिर्फ 5.7% थी। यहां एक्विव मरीज़ों की संख्या 6553 है। रत्नागीरी के सिविल सर्जन संघमित्रा गवाडे के मुताबिक यहां लगातार कंटेंमेंट जोन बनाए जा रहे हैं। साथ ही गांवों को भी सील किया जा रहा है। डेल्टा प्सल का पहला मामला मध्य प्रदेश में पाया गया था।

Previous articleशिक्षा मंत्रालय ने घर-आधारित शिक्षण में माता-पिता की भागीदारी के लिए जारी किए दिशानिर्देश
Next articleराज्यपाल को हटाने के लिए राष्ट्रपति से गुहार क्यों नहीं लगाती टीएमसी: अधीर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here