दाहोद| यूं तो देश में महिला सुरक्षा के बड़े बड़े दावे किए जाते हैं| लेकिन क्या महिलाएं वाकई में पूरी तरह सुरक्षित हैं| अगर हैं तो आए दिन छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसी घटनाएं क्यों घट रही हैं? आज के आधुनिक युग में भी महिलाओं को अपनी जागीर समझने वालों की कोई कमी नहीं है और ऐसे लोगों को कानून का जैसे कोई खौफ नहीं है| गुजरात में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जिसमें एक विवाहित महिला को अन्य पुरुष से प्यार करने पर तालीबानी सजा दी गई| महिला का पति उसके कंधे पर चढ़ गया और उसे न सिर्फ पूरे गांव में घुमाया, बल्कि सरेआम उसे निर्वस्त्र कर दिया| इस काम में महिला के देवर समेत गांव के अन्य लोगों ने भी साथ दिया| सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और 11 लोगों को हिरासत में ले लिया| एक सप्ताह पहले घटी यह घटना है दाहोद जिले की धानपुर तहसील के एक गांव की| 23 वर्षीय पीड़िता की 5 साल पहले दिनेश नामक युवक से शादी हुई थी| शादी के बाद विवाहिता का धानपुर तहसील के अन्य एक गांव के युवक से प्यार हो गया और दोनों अक्सर फोन पर बात करते रहते| कभी कभार दोनों के बीच मुलाकात भी होती थी| एक दिन पत्नी का मोबाइल दिनेश के हाथ लग गया और उसे अपनी पत्नी के प्रेम संबंधों के बारे में पता चल गया| फिर क्या था दिनेश समेत उसके परिवार पर जैसे शैतान सवार हो गया और सब ने मिलकर विवाहिता के साथ जो किया वह मानवता को शर्मसार करना वाला था| सुबह के वक्त परिवार ने दिनेश को उसकी पत्नी के कंधे पर बिठा दिया और पूरे गांव में घुमाया| पति का वजन बर्दाश्त नहीं होने पर कई जगह विवाहिता गिर पड़ी| तब विवाहिता के देवर ने उसके साथ मारपीट कर पुन: पति को उठाकर चलने को मजबूर किया| देवर ने सरेआम विवाहिता के साथ न सिर्फ शारीरिक छेड़छाड़ की बल्कि उसे निर्वस्त्र कर दिया| निर्वस्त्र विवाहिता ने आसपास खड़ी महिलाओं के दुपट्टे से अपना शरीर ढंकने का प्रयास किया तो दुपट्टा भी खींच लिया गया| मौके पर मौजूद कुछ तमाशबीनों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकार्ड किया और बाद में उसे वायरल कर दिया| घटना का वीडियो सामने आते ही धानपुर पुलिस में हड़कम्प मच गया| गांव की पहचान कर धानपुर पुलिस सीधे विवाहिता के ससुराल पहुंच गई और उसकी शिकायत के आधार पर 19 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया| साथ ही 11 लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की|














