मदरलैंड संवाददाता

मांझी(सारण)। जिले के मांझी का लाल आशीष कुमार शनिवार को आइएमए देहरादून से पासिंग आउट परेड के बाद सेना में लेफ्टिनेंट बन गया। टीवी पर पासिंग आउट परेड का विहंगम देख परिजनों तथा आस पास के गांवों के लोगों की बांछें खिल गईं। लोगों ने कहा कि मांझी का लाल अब दिखायेगा पाकिस्तान चीन को अपना कमाल। लोगों ने कहा कि आशीष ने सारण ही नही बिहार का नाम रौशन किया है।शनिवार को सम्पन्न परेड के मौके पर मौजूद कई सेनाधिकारियों समेत खुद थल सेनाध्यक्ष जनरल  मनोज मुकंद नरवणे ने नव चयनित पदाधिकारियों की सलामी ली। वहीं नव चयनित सैन्य अधिकारियों को भारतीय संविधान एवं देश की सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कांधे पर स्टार लगने के बाद परिवार समेत पूरे गांव में भी खुशी का माहौल है। परिजनों व रिश्तेदारों ने गांव में मिठाई बांट कर अपनी खुशी का इजहार किया। बता दें कि मांझी प्रखंड अंतर्गत दाउदपुर थाना क्षेत्र के पिलुई गांव निवासी तारकेश्वर नाथ सिंह व ममता सिंह के पुत्र आशीष कुमार 2016 में एनडीए की परीक्षा में 133वें रैंक के साथ सफल हुए थे। उसके  बाद पुणे में एनडीए की तीन वर्ष की ट्रेनिंग 30 मई 2019 को उन्होंने पूरी की। ततपश्चात देहरादून से एक वर्षीय ट्रेनिंग पूरा कर 13 जून को पासिंग आउट में शामिल हो कर सैन्य अधिकारी बन गए। आशीष ने प्राथमिक शिक्षा बरौनी के गढ़हरा से पूरी की। जबकि नवीं से 12 वीं तक की शिक्षा जम्मू के सैनिक स्कूल नगरौटा में पूरी हुई। पिता टी एन सिंह रेलवे के सामान्य भंडार डिपो गढ़हरा (बरौनी) में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं। मां ममता सिंह गृहिणी हैं। बहन सुरभि सिंह भी काफी खुश है। आशीष का कहना है कि  वे इस सफलता के प्रेरणा-स्रोत अपने माता-पिता समेत अपने नाना रिटायर सुबेदार मेजर महेश्वर नारायण सिंह को मानते हैं। अपनी खुशी का इजहार करते हुए उन्होंने कहा कि बचपन से ही देश की सेवा की दिली इच्छा थी वह ईश्वर की कृपा से पूरी हुई। देश सेवा को उन्होंने सबसे बड़ी पूजा बताया। ग्रामीणों ने बताया कि आज दिन भर अनेक गणमान्य लोगों का आना जाना लगा रहा। दाउदपुर थानाध्यक्ष सुजीत चौधरी ने भी आशीष के परिजनों से मिलकर शुभकामना दी।

Previous articleविभिन्न तटबंधों पर 110 होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति की जायेगी: जिलाधिकारी
Next articleगुठनी के सरेया में जमीनी विवाद में आक्रोशित महिलाओं ने किया थाने पर हंगामा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here