मुंबई। भारत के महान धावक ‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह का शुक्रवार 18 जून की रात निधन हो गया। मिल्खा सिंह 91 साल के थे और उनके नाम कई रेकॉर्ड्स दर्ज हैं। मिल्खा के निधन पर बॉलिवुड स्टार्स ने भी दु:ख जताया है। मिल्खा के निधन पर उनकी बायोपिक ‘भाग मिल्खा भाग’ में मुख्य भूमिका निभाने वाले फरहान अख्तर ने इमोशनल नोट लिखा है।
इस नोट के साथ फरहान ने मिल्खा सिंह के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की है। फरहान ने अपने नोट में लिखा बेहद प्रिय मिल्खा जी, मेरा मन अब भी यह स्वीकार नहीं कर पा रहा है कि आप नहीं रहे। शायद यह मेरा जिद्दी स्वभाव है, जो मुझे आपसे सीखने को मिला। वही जिद जिसमें दिमाग अगर किसी चीज को करने की ठान लेता है तो कभी हार नहीं मानता। सच यह है कि आप हमेशा जीवित रहेंगे क्योंकि आप बड़े दिल वाले, लोगों को प्यार करने वाले, जमीन से जुड़े इंसान थे।
फरहान ने आगे लिखा आपने एक विचार एक सपने को सामने रखा। आपने बताया कि कैसे मेहनत, ईमानदारी और लगन से कैसे कोई इंसान आसमान की बुलंदियों को छू सकता है। आपने हम सभी की जिंदगियों को छुआ है, जो भी लोग आपको एक पिता और एक दोस्त के रूप में जानते हैं उनके लिए यह एक आशीर्वाद की तरह था और जो लोग नहीं जानते उनके लिए आप हमेशा एक प्रेरणा स्रोत और सफलता में विनम्रता के प्रतीक बने रहेंगे। मैं आपको दिल से चाहता हूं। मेरे मन में आप हमेशा जीवित रहेंगे।
फरहान अख्तर के अलावा अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा, अक्षय कुमार, तापसी पन्नू, शाहरुख खान, अनुपम खेर, रवीना टंडन, मधुर भंडारकर, अंगद बेदी, जावेद जाफरी, नेहा धूपिया, राहुल बोस जैसे कई बॉलिवुड सितारों ने मिल्खा सिंह के निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि मिल्खा सिंह जी का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वह मेरे आदर्श थे। निधन के बाद भी उनकी उपलब्धियां भारतीय युवा वर्ग को प्रेरित करती रहेगी। वह रियल लाइफ हीरो थे, उन्होंने मुझ जैसे अनेक लोगों को प्रेरित किया है। वह आगे भी लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।