मेरठ । केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के खिलाफ आज देश भर में धरना प्रदर्शन हुए। धरना प्रदर्शन के बाद अपने-अपने इलाके के डीएम को मांगपत्र सौंपा गया। इसी दौरान मेरठ कलेक्ट्रेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बयानबाजी तथा टिप्पणी पर एक महिला प्रदर्शनकारियों से भिड़ गई और लड़ने पर आमादा हो गई। किसी तरह एसपी सिटी ने बीच-बचाव किया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यहां एक महिला से बयानबाजी बर्दाश्त नहीं हुई और वह प्रदर्शनकारियों पर टूट पड़ी। इस महिला ने कहा कि किसान आंदोलन करें, लेकिन मर्यादा के साथ। मेरठ में आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी जमकर हंगामा किया। हंगामा करने के आरोप में सपा जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के साथ झड़प भी हुई। इस बीच शामली में आज भारतीय किसान यूनियन और अन्य किसान संगठन के लोगों ने पुलिस के सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए जिला कलेक्ट्रेट में प्रवेश किया है। कलेक्ट्रेट के अंदर भी हंगामा प्रदर्शन किया। इसके बाद अलग-अलग किसान संगठनों के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय के अंदर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। यहां इन कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों का जमकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार तीनों कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक देश में आंदोलन चलता रहेगा।