लखनऊ। यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है। लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (एसजीपीजीआई) चिकित्सालय में भर्ती कराए गए कल्याण सिंह को सांस लेने में तकलीफ है। बताया जाता है कि कल्याण सिंह के रिश्तेदारों को बुला लिया गया है। हालांकि अस्पताल की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई ताजा बुलेटिन नहीं जारी किया गया है।
पीजीआई के निदेशक प्रो आरके धीमान कल्याण सिंह के इलाज पर निगरानी रख रहे हैं। अस्पताल ने सोमवार साढ़े छह बजे कल्याण सिंह का हेल्थ बुलेटिन जारी किया था। बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का स्वास्थ्य अस्थिर है और डॉक्टर पैनी नजर रख रहे हैं। शनिवार शाम को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद कल्याण सिंह की ऑक्सीजन थेरपी शुरू कर दी गई है। सांस लेने में तकलीफ और बढ़ने पर रविवार शाम से उन्हें ‘नॉन इनवेसिव वेंटीलेशन’ पर रखा गया है।
अस्पताल के बयान के मुताबिक पीसीएम, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडोक्रायोनोलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक कल्याण सिंह के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। 89 वर्षीय कल्याण सिंह को चार जुलाई को संक्रमण और नीम बेहोशी के कारण एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में किया जा रहा था। इन दिनों भाजपा के कई नेता और विधायक कल्याण सिंह का हालचाल जानने अस्पताल पहुंच रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एसजीपीजीआई पहुंच कर उनके स्वास्थ्य के बारे में डाक्टरों से जानकारी और कल्याण सिंह से भी मुलाकात की। यूपी के मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कल्याण सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इससे पहले केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कल्याण सिंह से मिलने पहुंचे थे।

Previous article2019-20 में 34 लाख टन से अधिक प्लास्टिक कचरा पैदा हुआ : चौबे
Next articleयोगी मंत्रिमंडल का तीसरा विस्तार जल्द

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here