नई दिल्ली। भारत के महान धावक मिल्खा सिंह, एक माह तक कोरोना से जूझने के बाद जिंदगी से जंग हार गए। उन्होंने 18 जून दिन शुक्रवार रात चंडीगढ़ में उपचार के दौरान आखिरी सांस ली। वह 91 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से देश में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश के सभी प्रमुख नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने एक महान खिलाड़ी को खो दिया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि स्पोर्टिंग आइकन मिल्खा सिंह के निधन से मेरा दिल दुख से भर गया है, उनके संघर्षों की कहानी और उनके चरित्र की ताकत भारतीयों की अगली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी, उनके परिवार के सदस्यों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मिल्खा सिंह जी के निधन से हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया जिनका असंख्य भारतीयों के ह्रदय में विशेष स्थान था। अपने प्रेरक व्यक्तित्व से वे लाखों के चहेते थे। मैं उनके निधन से आहत हूं। मैंने कुछ दिन पहले ही मिल्खा सिंह जी से बात की थी। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी आखिरी बातचीत होगी। उनके जीवन से कई उदीयमान खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों को मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत के महान धावक फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन एक अत्यन्त दुखद घटना है। उन्होंने विश्व एथलेटिक्स पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र उन्हें हमेशा भारतीय खेलों के सबसे चमकते सितारों में से एक के रूप में याद रखेगा। उनके परिवार और फैंस के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मिल्खा सिंह भारत की शान थे। उनके निधन से गहरा दुःख हुआ। कुछ ही दिन पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो गया। पिछले साल मैं उनके घर 2 घंटे रहा और बातचीत की। दोनों बहुत ही प्रसन्न और दीलदार व्यक्तित्व के धनी थे। ॐ शांति।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुविख्यात धावक, पद्मश्री से सम्मानित फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन खेल जगत की अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन राष्ट्र के लिए अप्रतिम प्रेरणा है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने परम धाम में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!