नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक खेलों में रजत पदक विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल को बधाई दी है। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘भाविना पटेल ने पैरालंपिक में रजत पदक जीतकर भारतीय दल और खेल प्रेमियों को प्रेरित किया है। आपकी असाधारण प्रतिबद्धता और कौशल ने भारत को गौरवांवित किया है। इस शानदार उपलब्धि पर आपको मेरी ओर से बधाई।’’
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाविनाबेन की उपलब्धि युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भाविना पटेल ने इतिहास रचा। उन्होंने एतिहासिक रजत पदक जीता है। इसके लिए उन्हें बधाई। जीवन में उनकी यात्रा प्रेरणादायी है और यह अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ेगी।’’
प्रधानमंत्री ने भाविनाबेन से बात भी की और उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने इस खिलाड़ी को भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दी।
वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर भाविना को बधाई दी।
सीतारमन ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘पैरा टेबल टेनिस में रजत पदक जीतने के लिए भाविना पटेल को बधाई। आपकी दृढ़ता और सफलता कई लोगों के लिए प्रेरणा बनेगी।’’
राहुल गांधी ने लिखा, ‘‘रजत पदक जीतने के लिए भाविना पटेल को बधाई। भारत आपकी उपलब्धि की सराहना करता है। आपने देश को गौरवांवित किया है।’’
वहीं भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने लिखा, ‘‘रजत पदक जीतकर भाविना पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया और तोक्यो 2020 पैरालंपिक में भारत का खाता खोला। कौशल और मानसिक दृढ़ंता का शानदार प्रदर्शन। बेहद गर्व है।’’
भारतीय पैरालंपिक समिति की मौजूद अध्यक्ष दीपा मलिक ने भाविनाबेन को बधाई देते हुए कहा, ‘‘भाविना का प्रदर्शन देखना शानदार रहा, उन्होंने प्रतियोगिता में अपने खेल से विरोधियों को हैरान कर दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उसका खेल, कौशल, धैर्य, वापसी करना, एकाग्रता बनाए रखना, इसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं, यह विश्व स्तरीय है।’’

Previous articleकाबुल में अमेरिकी सैनिकों और निर्दोष अफगानों की जान लेने वाले आतंकियों पर जारी रहेगी सैन्य कार्रवाई : बाइडेन
Next article खेल मंत्री ठाकुर ने फिट इंडिया मोबाइल ऐप जारी किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here