चंडीगढ़। नए कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों पंजाब में हैं।खेती बचाओ यात्रा के नाम से निकाली रैली में राहुल गांधी ने ट्रैक्टर पर सवार होकर कृषि कानून के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया, लेकिन सोशल मीडिया पर जारी उनकी की तस्वीरों को लेकर वह ट्रोलर्स का शिकार हो गए। दरअसल, रैली के दौरान राहुल गांधी ट्रैक्टर पर गद्देदार सीट पर बैठे दिखाई दिए। अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ट्रोलर्स को जवाब दिया है।
राहुल गांधी ने कहा, ‘मेरे ट्रैक्टर पर कुशन लगा था,तब मामला बदलने की कोशिश हुई।मगर जब प्रधानमंत्री मोदी ने 8000 करोड़ रुपये का प्लेन अपने लिए खरीदा, तब कुछ नहीं हुआ।उस प्लेन में बैठने के लिए कुशन नहीं, 50 पलंग होंगे, उस पर कोई बात क्यों नहीं करता।बता दें कि पीएम मोदी के लिए अमेरिका में तैयार विशेष विमान बोइंग 777 बीते गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया है।अमेरिकी राष्ट्रपति के एयरफोर्स वन जैसी क्षमताओं से लैस इस विमान में कई खूबियां हैं।इसका इस्तेमाल प्रधानमंत्री के अलावा राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति भी करने वाले है।
वहीं, खेती बचाओ यात्रा को लेकर राहुल गांधी ने कहा, ‘हमारी ये यात्रा मोदी सरकार के तीन काले कानूनों के खिलाफ है।ये मौजूदा सिस्टम को खत्म करने का तरीका है, पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और अब ये कानून लाया जा रहा है। राहुल ने कहा कि हम पंजाब और हरियाणा के किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं।इसके लिए लाठी खाना कोई बड़ी बात नहीं है।
बता दें कि राहुल गांधी 6 और 7 अक्टूबर को हरियाणा जाएंगे।वहां भी वह ट्रैक्टर रैली में शामिल होने वाले है। रैली के पहले दिन राहुल गांधी पंजाब बॉर्डर से हरियाणा के पेहोवा पहुंचने वाले है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा के मुताबिक राहुल गांधी पेहोवा में लोगों को संबोधित करने वाले है। इसके बाद राहुल गांधी कुरुक्षेत्र जाएंगे।वहां रात में विश्राम होगा। इसके बाद अगली सुबह वो पीपली मंडी से यात्रा शुरु कर, जहां से निलोखेरी फिर करनाल जाएंगे।जहां पर ट्रैक्टर रैली का समापन होगा।इसके साथ ही कुमारी शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी हमेशा से ही किसानों मजदूरों और आम लोगों के मुद्दे उठाते रहे हैं।