मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में शुरू से ही काफी लोग साजिश का शक जता रहे हैं। हालांकि इस केस में तब नया मोड़ आ गया, जब सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में रिया चक्रवर्ती और उनकी फैमिली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, साजिश और धोखाधड़ी की नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी। अब मुंबई के साथ ही पटना पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त के रूप में रिया चक्रवर्ती का नाम आ रहा है। हालांकि इससे वरिष्ठ अभिनेता शेखर सुमन ने असहमति जताई है, हालांकि वह खुद सुशांत केस की जांच के लिए शुरू से आवाज उठा रहे हैं।
शेखर सुमन ने फिर उठाई सीबीआई चांच की मांग
शेखर सुमन ने एक बार फिर सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि रिया चक्रवर्ती को इस मामले में बलि का बकरा बनाया जा रहा है और सुशांत के असली अपराधी अभी तक कानूनी शिकंजे से बच रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा, इस कहानी को जबरन बदला जा रहा है।
रिया के पीछे छिपने की कोशिश कर रहे हैं असली अपराधी
वे लोग रिया को सामने लाकर उनके पीछे छिप रहे हैं। हालांकि वह भी अपराधी हैं लेकिन असल अपराधी शीर्ष अधिकारियों से मिलकर कानूनी शिकंजे से बचे हुए हैं। उन सभी की जांच करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अपने अगले ट्वीट में शेखर ने लिखा, दोस्तो, अपनी आवाज और जोरदार तरीके से उठाइए, यही समय है कि हम सीबीआई जांच की अपनी मांग को और आक्रामक तरीके से उठाएं। अभी जांच में काफी अनियमितताएं हैं। कई बार आपकी आवाज को सुनाए जाने के लिए चिल्लाना पड़ता है। अभी स्थितियां बदल रही हैं।
पटना एसपी सिटी को बीएमसी ने जबरन किया क्वारेंटाइन
इस बीच रविवार शाम को पटना पुलिस के एसपी विनय तिवारी सुशांत सिंह राजपूत के मामले की जांच कर रही टीम का नेतृत्व करने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं, हालांकि बीएमसी ने मुंबई में जबरन क्वारेंटाइन कर दिया है। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने ट्वीट करते बताया, आईपीएस अधिकारी बिनय तिवारी पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए आधिकारिक ड्यूटी पर पटना से मुंबई पहुंचे, लेकिन उन्हें रविवार रात 11 बजे बीएमसी के अधिकारियों ने जबरन क्वारेंटाइन कर दिया। अनुरोध के बावजूद उन्हें आईपीएस मेस में रहने की व्यवस्था नहीं की गई। अब उन्हें गोरेगांव के एक गेस्ट हाउस में रखा गया है।