भारत के पड़ोसी मुल्क चीन और पाकिस्तान से काफी सारी चुनौती का सामना करना पड़ता है। चीन और पाकिस्तान से सटी संवेदनशील सीमाओं की देखरेख की जिम्मेदारी अब लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी के हवाले होगी, जिन्हें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सुरक्षा हालातों को संभालने वाली उत्तरी सैन्य कमान का नया कमांडर नियुक्त किया गया है।
लेफ्टिनेंट जनरल जोशी संभालेंगे ये जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कश्मीर में आतंकनिरोधी अभियानों का अथाह अनुभव रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल जोशी उत्तरी सैन्य कमान के कमांडर के तौर पर लेफ्टिनमेंट जनरल रणबीर सिंह की जगह लेंगे, जो 31 जनवरी को सेवा से अवकाश प्राप्त करने जा रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल जोशी फिलहाल उत्तरी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ के पद पर तैनात हैं। वह एक फरवरी को जनरल रणबीर सिंह की जगह इस कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पद संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती को मिली नई जिम्मेदारी
सीमा सुरक्षा को लेकर लेफ्टिनेंट जनरल जोशी के अलावा लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती को भी नई नियुक्ति मिली है। उन्हें दक्षिणी कमान का कमांडर बनाया गया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी की जगह लेंगे, जो शनिवार को थल सेना के नए उप प्रमुख का पद संभालने जा रहे हैं। थल सेना उप प्रमुख का पद जनरल एमएम नरवाने के नया सेना प्रमुख बनने के बाद से ही खाली पड़ा हुआ है। लेफ्टिनेंट जनरल मोहंती को भी पाकिस्तान और चीन से लगने वाली सीमाओं पर अभियानों के संचालन का अनुभव है और वह असम में उग्रवादी निरोधी अभियानों में भी सक्रिय रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल मोहंती कांगो में बहुदेशीय यूएन ब्रिगेड का भी नेतृत्व संभाल चुके हैं। फिलहाल वह उत्तर भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग की भूमिका में तैनात हैं।














