नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर कमजोर पड़ती जा रही है। कोरोना को रोकने के लिए पूरे देश में तेजी से वैक्सिनेशन किया जा रहा है। जनसंख्या के हिसाब से अगर देखा जाए तो सबसे ज्यादा वैक्सिनेशन करने के मामले में हिमाचल टॉप पर है। दूसरे नंबर पर दिल्ली है। जबकि, बिहार 10वें और यूपी 11वें नंबर पर है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के डेटा के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 18 साल से ऊपर की 62.1 फीसदी आबादी को वैक्सीन की कम से कम एक डोज दी जा चुकी है। यह आंकड़ा पूरे देश में सबसे ज्यादा है। इसे ऐसे भी समझ सकते हैं कि हिमाचल में 18 साल से ऊपर के हर 10 में से 6 व्यक्ति को वैक्सीन की एक डोज लग चुकी है।
हिमाचल के बाद दूसरे नंबर पर राजधानी दिल्ली है, जहां की 18 साल से ऊपर की 45.4 फीसदी आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। तीसरे नंबर पर 44.4 फीसदी कवरेज के साथ गुजरात है। यूपी और बिहार इस मामले में काफी नीचे हैं। बिहार में अब तक 22 फीसदी आबादी को ही वैक्सीन की एक डोज लगी है, जबकि यूपी में 21.5 फीसदी आबादी को ही अभी तक पहली डोज दी जा सकी है।
वहीं, वैक्सीन की दोनों डोज देने के मामले में भी हिमाचल सबसे आगे है। यहां की 18 साल से ऊपर की 16.1 फीसदी आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी है। दूसरे नंबर पर केरल है, जहां 18 फीसदी आबादी वैक्सीनेट हो चुकी है। दिल्ली तीसरे नंबर पर है, जहां की 18 साल से ऊपर की 13.9 फीसदी आबादी को दोनों डोज लग चुके हैं। इस मामले में यूपी और बिहार बहुत नीचे हैं।
यूपी में अब तक 18 से ऊपर की 4 फीसदी आबादी और बिहार की 3.7 फीसदी आबादी को ही दोनों डोज दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना वैक्सीन के 38.50 करोड़ से ज्यादा डोज दिए जा चुके हैं। इनमें से 30.87 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की एक डोज और 7.62 करोड़ को दोनों डोज दी जा चुकी है।

Previous articleजुलाई के अंत तक संचालित होगी राफेल की दूसरी स्क्वाड्रन, हाशिमारा एयरबेस पर होगी तैनाती
Next articleहिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिन छाए रहेंगे बादल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here