नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों को बुधवार सुबह बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देर तक चली मुठभेड़ के बाद लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर एजाज उर्फ अबू हुरैरा को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में दो अन्य स्थानीय आतंकी भी मारे गए हैं।
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में काफी देर तक चली मुठभेड़ के बाद यह सफलता मिली है। बीते एक माह में अब तक कई आतंकियों को सुरक्षा बल ढेर कर चुके हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना पर पुलवामा शहर की मुख्य कॉलोनी में मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया जब सुरक्षा बल निर्धारित क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे तो छिपे आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।
सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के पहले आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। आतंकवादियों के भागने के प्रयास को विफल करने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। जिसमें पाकिस्तानी कमांडर सहित तीन आतंकवादी मारे गए है। सभी आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा के बताए गए हैं। इस दौरान सभी रास्तों को बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है














