नई दिल्ली। हरियाणा कांग्रेस में नए समीकरण बन रहे हैं। कभी आपस में छत्‍तीस का आंकड़ा रखने वाले वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्‍नोई और पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच हाल के दिनों में काफी नजदीकी पैदा हो गई है और दोनों के ही निशाने पर हरियाणा कांग्रेस अध्‍यक्ष कुमारी सैलजा हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र विधायक कुलदीप बिश्नोई अब पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भाषा बोलने लगे हैं। कुलदीप ने राज्य में सात साल से पार्टी संगठन का गठन नहीं होने पर सवाल उठाया है। उन्‍होंने कहा कि राज्य में मजबूत नेतृत्व ही कांग्रेस की सरकार बनाने में सक्षम हो पाएगा। कुलदीप बिश्‍नोई ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे और न ही नई पार्टी बनाएंगे। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। कुलदीप बिश्‍नोई ने पूर्व सीएम हुड्डा के साथ पुराने राजनीतिक गिले-शिकवों को भूलते हुए राज्य में पार्टी संगठन के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकताएं स्पष्ट होनी चाहिए तभी एक सियासी दल के रूप में हम अपनी प्रासंगिकता बनाए रख सकते हैं। उन्होंने कहा हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कु. सैलजा को हटाने का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को कहना है। कुलदीप ने कहा किसानों के आंदोलन से राज्य में भाजपा के खिलाफ बने माहौल को भुनाने में कांग्रेस का मौजूदा प्रदेश नेतृत्व कामयाब नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी अगर यही स्थिति कायम रही तो राज्य में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा। इसका फायदा भाजपा को ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस संगठन को पुनर्जीवित करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता हाईकमान की पहल का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर केंद्रीय नेतृत्व उन पर यकीन करते हुए प्रदेश कांग्रेस की कमान उन्हें सौंपता है, तो वह कांग्रेस का खोया हुआ जनाधार वापस लाकर राज्य में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक वह हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) पार्टी बनाने के दौरान अपने साथ ले गए थे। भाजपा से हजकां का समझौता करने की गलती के कारण वह वोट बैंक भाजपा में चला गया। उसे मैं ही वापस ला सकता हूं। कुलदीप ने कहा कि उनके पास 16 पूर्व विधायक हैं, लेकिन वे तभी कांग्रेस में शामिल होंगे जब हाईकमान उन्हें राज्य संगठन की कमान सौंपेगा। उन्होंने कहा कि भजनलाल परिवार को नजरअंदाज करके कांग्रेस हरियाणा में सरकार नहीं बना सकती। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि जिला व ब्लाक स्तर पर संगठन मजबूत किए बिना पार्टी संगठन को मजबूत नहीं किया जा सकता। यदि संगठन में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए तो पार्टी मजबूत होगी।

Previous articleबिहार, यूपी समेत कई राज्यों मे बाढ़ से बिगड़े हालात, मप्र में बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग
Next articleपत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत मामले में कांग्रेस नेता शशि थरूर कोर्ट से बरी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here